कई राज्यों में बड़े बदलाव की तैयारी, झारखंड चुनाव में हार के बाद भाजपा सतर्क

 नई दिल्ली 
झारखंड में हार के बाद भाजपा नेतृत्व अपनी राज्य सरकारों के कामकाज को लेकर बेहद गंभीर हो गया है। पार्टी जल्दी ही अपनी सरकारों और मुख्यमंत्रियों के कामकाज और व्यवहार की समीक्षा करेगी। संकेत हैं कि जो राज्य खरे नहीं उतरेंगे, वहां पर सत्ता से लेकर संगठन तक जरूरी बदलाव भी किए जाएंगे।

बीते एक साल में भाजपा का अपनी सत्ता वाले राज्यों में प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व जल्द ही अपने शासन वाले सभी राज्यों की व्यापक समीक्षा करेगा। इस समय भाजपा की उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, गोवा, उत्तराखंड, हरियाणा, असम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा व मणिपुर में सरकारें हैं।
 
बिहार में जद (यू) के साथ वह सत्ता में हैं, जबकि पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में उसके समर्थन वाली सरकारें हैं। कर्नाटक व हरियाणा में अभी सरकारें बनी हैं, इसलिए उनके बारे में ज्यादा चर्चा नहीं होगी। पर बाकी राज्य कसौटी पर रहेंगे।

बदलाव से नहीं हिचकेंगे
पार्टी उत्तराखंड, यूपी, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, त्रिपुरा में नेतृत्व को लेकर गंभीर है। यहां समय रहते जरूरी बदलाव पर विचार हो रहा है। एक प्रमुख नेता ने संकेत दिए हैं कि एक ही नेता को चुनावों तक कमान देने के परिणाम सही नहीं रहे हैं। सरकार के कामकाज की समीक्षा में संगठन-विधायकों की राय अहम होगी।

You may have missed