पूर्व जिला परिषद सदस्य के घर पर नक्सलियों ने किया हमला, बाइक फूंकी

औरंगाबाद 
                                                                                                                                                                            
औरंगाबाद जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बेला खपरमंडा गांव में गुरुवार की रात नक्सली संगठन ने हमला बोल दिया। यहां पूर्व जिला परिषद सदस्य के घर पर हमला करते हुए उसकी बाइक जला दी गई और नारेबाजी की गई। जानकारी के अनुसार पूर्व जिला परिषद सदस्य पप्पू विश्वकर्मा के घर पर देर रात नक्सली संगठन के सदस्य पहुंचे। इसकी भनक लगते ही पप्पू विश्वकर्मा यहां से भाग निकले। हमलावरों ने यहां खड़ी एक पल्सर बाइक को जला दिया और तोड़फोड़ भी की। 

पप्पू ने बताया कि वे घर पर थे। नक्सलियों ने हमला कर उनकी बाइक चलाई और कुछ अन्य सामानों को भी नुकसान पहुंचाया गया। एक पर्चा भी छोड़ा गया है जिसमें हमले की जिम्मेवारी किसी टीएसपीसी संगठन ने ली है। पर्चे के माध्यम से पुलिस दलालों को सावधान किया गया है और पोस्ता की खेती को रोकने की बात कही गई है। कार्रवाई की चेतावनी भी संगठन ने पर्चे के माध्यम से दी है। टंडवा थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह किसी संगठित आपराधिक गिरोह की हरकत है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है। पूरे मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।

हमले से इलाके में फैली दहशत

पप्पू विश्वकर्मा की भाभी वर्तमान में इस पंचायत से मुखिया हैं। बताया जाता है कि किसी नए संगठन ने इस इलाके में यह हमला किया है। जो पर्चा यहां छोड़ा गया है, वह कंप्यूटर से प्रिंट कर निकाला गया है। पहली बार इस तरह के हमले की बात इलाके में कही जा रही है। इस हमले से आस-पास के गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया है। लोगों ने बताया कि पहली बार इस संगठन की सक्रियता यहां दिखी है।