बुजुर्ग को ढांढस बंधाकर प्रियंका बोलीं, घबराओ मत, चिंता न करो
मेरठ
कांच का पुल निवासी 90 साल के बुजुर्ग हबीब से प्रियंका गांधी ने कहा कि घबराओ मत, किसी बात की चिंता मत करो। उनकी तरफ से वह कानूनी लड़ाई लड़ेंगी। सभी को इंसाफ दिलाएंगी। हबीब का बेटा अलीम हापुड़ रोड पर तंदूरी रोटी बनाता था। सलाउद्दीन ने बताया कि उस दिन हापुड़ रोड पर पुलिस ने दुकानें बंद करा दीं। इसके बाद अलीम पैदल घर आ रहा था। सिटी हास्पिटल के पास एक गोली उसके सिर में जा लगी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रियंका गांधी ने बुजुर्ग हबीब को आश्वासन दिया कि वह उनके साथ हैं।
साईं धाम कॉलोनी में जब प्रियंका गांधी लोगों से मिली तो बुजुर्ग हबीब उन्हें देखकर बिलखने लगे। उन्होंने कहा कि उनके जवान बेटे को गोली मार दी गई। वह अपने काम से घर लौट रहा था। आज तक उसका कभी किसी भी मारपीट में थाने में मुकदमा तक दर्ज नहीं है। वह निर्दोष था।
खत्ता रोड निवासी मोहसिन के परिजनों ने बताया कि 20 दिसंबर को मोहसिन ठेला लेकर भूसा लेने जा रहा था। अचानक रशीद नगर में गोली चलने लगी। एक गोली भूसे के बोरे में लगी। दूसरी गोली चली तो वह ठेले के नीचे छिप गया। जैसे ही वह खड़ा हुआ तो एक गोली उसके सीने में धंस गई। गोली लगते ही वह वहीं पर गिर पड़ा। मोहसिन की बहन रेशमा परवीन, इमराना ने बताया कि उसका किसी बवाल से कोई लेना देना नहीं था। वह तो सिर्फ ठेला चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था।
