आज सदन में दिवंगत विधायक को CM नाथ और नेता प्रतिपक्ष भार्गव ने दी श्रद्धाजंलि
भोपाल
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज सदन में दिवंगत विधायक बनवारी लाल शर्मा को श्रद्धाजंलि देते हुए कहा कि उनके जैसा जीवट सभी जनप्रतिनिधि को होना चाहिए। इतनी गंभीर बीमारी के बाद भी वे अपने क्षेत्र की जनता के लिए पूर्ण समर्पित थे, वे चल नहीं पाते थे, बोल नहीं पाते थे। इसके बाद भी वे अपने साथ किसी को लाते और लिखकर क्षेत्र की समस्या बताते थे। वे सरपंच से जनपद होते हुए सदन तक पहुंचे। उनका सहकारिता में बहुत योगदान रहा।
उधर, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने आज सदन में विधायक और पूर्व विधायक के निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए इतने अधिक संख्या में सदस्यों के निधन पर चिंता जताते हुए कहा कि इस बारे में हम सभी को सोचना होगा कि यह क्यों हो रहा है और इसे रोकने के लिए कुछ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी, ईश्वरदास रोहाणी से लेकर आसंदी पर रहे सभी लोगों के कार्यकाल में इस विषय पर चर्चा होती रही है, ऐसा क्यों होता है। हम 230 है और कई बार ऐसी स्थिति आती है कि आठ से दस लोग पांच साल में चले जाते है। इस पर समाजशास्त्री और मनोवैज्ञानिकों से भी चर्चा की है।
जनप्रतिनधियों का जीवन आपाधापी भरा होता है। मानसिक और शारीरिक श्रम के चलते आयु का क्षरण होता है। सदस्यों को आम जीवन में जन्म, मृत्यु से लेकर अन्य सभी आयोजनों मेंजाना पड़ता है, दौरे होते हैं। इस बारे में कहीं कुछ होना चाहिए किस कारण से यह होता है । इसके लिए कोई अनुष्ठान करता है कोई इसे मजाक बनाता है लेकिन इस बारे में सभी से मेरा कहना है वे तनाव में ना रहे, बाहर के लोग भी हमारे जीवन की वास्तविकता जानेंगे तो वे भी हमारे प्रति सहानुभूति रखेंगे। उन्होंने दोनों सदस्यों के निधन पर श्रद्धांजलि दी।
